गुरुवार, 16 फ़रवरी 2012

अतिसंवेदनशील केन्द्रों पर शांतिपूर्ण हुआ मतदान



(संवाददाता / मुंबई)
   मुंबई महानगर पालिका के २२७ सीटों के लिए गुरुवार  को  मतदान पूरा होने के बाद २ हजार २३३ प्रत्याशियों का भविष्य का फैसला आज शुक्रवार (ता. १७) को तय होगा। हर बार की तरह इस बार मतदार कुछ खास जागरूक नहीं दिखाई दिए। जिसके चलते जोगेश्वरी विभाग में ५८.१२ प्रतिशत और मुंबई में कुल ५० प्रतिशत मतदान हुआ। मगर जोगेश्वरी में एक खास बात यह रही कि यहा पर तीन मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील होने के बावजूद इस बार मतदान शांतिपूर्ण रहा। 
   वार्ड नं. ६६ से ७३ के मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सरवदे ने बताया कि उनके विभाग में ७५ प्रत्याशियों के लिए ३ लाख ७५ हजार ५९० मतदारों में से १ लाख ७८ हजार ७९४ लोगों ने मतदान किया। क्रमश: वार्ड नं. ६६ में ५३.३६%, ६७ में ५०.८०%, ६८ में ५१.६४%, ६९ में ४६.९९%, ७० में ४८.४६%, ७१ में ४९.६३%, ७२ में ४७.९७% तथा ७३ में ४७.७४% मतदान हुआ। संजय सरवदे ने बताया कि वार्ड नं. ७० में स्थित सेंट मेरी स्कूल के बुथ क्र.११ से १५,  कोलीवाड़ा के बुथ क्र. १६ से २४,  तथा स्वामी विवेकानंद स्कूल के बुथ क्र. ३५ से ३८ यह तीन केंद्र अति संवेदनशील होते हुए भी यहां चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। जबकि यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वार्ड नं. ७० के शिवसेना शाखाप्रमुख जयवंत लाड के मुताबिक हर बार चुनाव में उक्त तीनों मतदान केन्द्रों पर विवाद होते रहे है और कई लोगों पर मामले भी दर्ज हुए हैं। मगर इस बार यहां के सभी ९६ बूथों पर ऐसी कोई घटना नहीं घटी है। उल्लेखनीय है कि पूरे मुंबई में कुल १ करोड़ दो लाख ७९ हजार ३७७ मतदारों में से तकरीबन ५० प्रतिशत लोगों ने ही मतदान किया। 
- सेलिब्रिटियों ने भी किया मतदान
   मतदान के लिए हरबार की तरह फिल्मी कलाकार भी काफी उत्साही थे। जूहू, अंधेरी, ओशिवरा और जोगेश्वरी समेत कई इलाकों में अपने मताधिकार के लिए कलाकार कल कतार में खड़े नजर आए। खासतौर पर विधायक रविन्द्र वायकर ने वार्ड न ६८ में सबसे पहले ही अपने परिवार के साथ सुबह ७.३० बजे मतदान किया। जबकि अन्य वार्डो में गायक कैलाश खेर, शान, एन. सी. शायना, सेलिना जेठली, श्रेयस तळपदे, अनुपम खेर, अजिंक्य देव, मनवा नाईक, अंकुश चौधरी, अतुल परचुरे, पुष्कर श्रोत्री, आदि कलाकारों ने मतदान किया। 

- मशीने बंद पड़ी, मतदान में हुई देरी

   जोगेश्वरी में वार्ड नं. ६७ बुथ क्र ३७, वार्ड नं. ७० के बुथ क्र. ८ की मशीने खराब होने के चलते कल करीब डेढ घंटे मतदान बंद रहा। सुबह ७ बजे से ही मतदाता यहा कतार में खड़े थे। काफी देर तक मशीनों की मौके पर मरम्मत की गई और ठीक ९.४५ बजे से यहां मतदान शुरू किया गया। 
-वोटिंग कार्ड न मिलने से मतदान से वंचित
   कई इलाकों में लोगों को मतदान कार्ड न मिलने सें वे बिना पहचान पत्र के मतदान करने से वंचित रहे। हालांकि कई घर की महिलाओं ने राशन कार्ड समेत आधार कार्ड की रसीदें पहचान पत्र के तौर पर साथ लाया था। मगर नियमों के अनुसार आधार कार्ड की रसीद पहचान पत्र के तौर पर उपयोग करने की अनुमति नहीं थी। साथ ही राशन कार्ड के साथ एक ही बार पूरे परिवार को साथ आने पर ही वोटिंग करने दिया जा रहा था।
------------------------

कोई टिप्पणी नहीं: