(संवाददाता, मुंबई)
मुंबई मनपा चुनाव का फैसला जो भी हो मगर विलेपार्ले विधान सभा की सभी सातों सीटों पर अब केवल महिलाओं का ही राज होगा। विलेपार्ले में इस बार सभी ७ वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होने की वजह से यहां चारों ओर महिलाएं चुनाव प्रचार करती हुई नजर आ रही है। यह आश्चर्यजनक है कि पिछले चुनाव में यहां पर सभी वार्डों का प्रतिनिधित्व पुरूष कर रहे थे। मगर आज के माहौल में मौजूदा नगरसेवकों की पत्नियों को टिकट देकर राजनैतिक दलोंने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने का प्रयास किया है।
विलेपार्ले में वार्ड नं. ६५, ७५, ७६, ७७, ७९ ८० और ८१ इस सभी सीटों पर महिलाओं के बीच राजनैतिक घमासान शुरू है। कांग्रेस ने भी पूर्व नगरसेवको एवं महत्वपूर्ण पुरूष कार्यकर्ताओं को निराश नहीं किया है। वार्ड नं. ६५ से पूर्व से प्रेम वोरा की बेटी बिनिता को कांग्रेस ने टिकट दिया है। जबकि वार्ड नं. ७६ से जगदीश अमीन की पत्नी जगदीश्वरी, वार्ड नं. ७५ से कमलेश राय की पत्नी शुभदा और राकांपा जिला अध्यक्ष रघुनाथ सुतार की बहू शितल सुतार को वार्ड ८१ से टिकट देकर मैदान में उतारा गया है। वहीं वार्ड न. ८० में पिछले २५ सालों से भाजपा के महिला वार्ड अध्यक्षा के पद पर कार्यरत प्रिति प्रविण बाने को पार्टा ने वार्ड नं. ८० में खड़ा किया है। जबकि वहां की स्थानीय जिला उपाध्यक्षा शैलजा क्षिरसागर को ८१ वार्ड की रणभूमी दी गई है।
इसके अलावा शिवसेना ने भी दमदार उम्मीदवारों को रण में उतारकर विरोधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। वार्ड नं. ७९ से शशिकांत पाटकर की पत्नी शुभदा की जीत यहां तय मानी जा रही है। वहीं पूर्व नगरसेवक सुभाष सावंत की पत्नी स्मिता ने वार्ड न. ७६ में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। साथ ही वार्ड नं. ६५ से शिवसेना की आरती जनावरे, ७५ से प्रणाली प्रदिप वेदक और ७७ से प्रिती धुरी ने भी अपनी कमर कस ली है। पुलिस खुफिया सुत्रों के मुताबिक यह माना जा रहा है कि यहां की सभी महिला सीटों पर शिवसेना-भाजपा युति की जीत होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें